वाराणसी में भव्य एयर शो की तैयारियों को लेकर सीएम योगी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
10/03/2026
0
लखनऊ: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में देश की सामरिक क्षमताओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले आयोजनों को नई पहचान मिल रही है। इसी क्रम में वाराणसी के नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित भव्य एयर शो की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि एयर शो में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक सेक्टर में मजिस्ट्रेट के साथ प्रशिक्षित पुलिस बल की तैनाती करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि नमो घाट सहित काशी के प्रमुख घाटों और आसपास के क्षेत्रों में जल एवं थल मार्ग से आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके साथ ही पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता और आपातकालीन व्यवस्थाओं को भी एकीकृत रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने भारतीय वायुसेना, वाराणसी जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने पर जोर दिया।
उन्होंने सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की तैयारियों को परखने के लिए मॉकड्रिल कराने के भी निर्देश दिए, ताकि एयर शो के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


