जनता दर्शन में शिकायत पर डीएम का एक्शन, 5 घंटे में पीड़िता को दिलाया न्याय
10/20/2026
0
गाजियाबाद। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। जनता दर्शन में मकान पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने महज 5 घंटे के भीतर मौके पर पहुंचकर पीड़िता को राहत दिलाई और मकान से कब्जा हटवाया।
मकान पर जबरन ताला लगाने और कब्जे की शिकायत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह जनता दर्शन में बहरामपुर, विजय नगर निवासी सोनिका पत्नी पवन ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी शिकायत रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दबंग व्यक्ति ने उनके मकान पर जबरन ताला लगा दिया था। साथ ही, किरायेदार को मकान से बाहर निकालकर संपत्ति पर अवैध कब्जा कर लिया गया था।
शिकायत मिलते ही गठित की गई संयुक्त टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने शिकायत पर तत्काल संज्ञान लिया। प्रकरण की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए उपजिलाधिकारी सदर तथा थाना प्रभारी, विजय नगर की संयुक्त विशेष जांच टीम गठित की गई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने बिना देरी किए कार्रवाई शुरू की और मौके पर पहुंचकर मामले का निस्तारण कराया। शिकायत मिलने के महज पांच घंटे के भीतर पीड़िता के मकान से कब्जा हटवाकर उन्हें राहत प्रदान की गई।
राहत मिलने पर पीड़िता ने जताया आभार
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से राहत मिलने पर श्रीमती सोनिका ने जिलाधिकारी और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से जनशिकायतों के निस्तारण में तत्परता और विभागों के बीच समन्वय की भूमिका सामने आई है। जनता दर्शन के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


