लोनी में पुलिस मुठभेड़: चेन स्नैचिंग का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार
11/16/2026
0
चिरोड़ी बाजार में महिला से चेन छीनने की घटना का खुलासा, चोरी की बाइक और लूटी गई चेन बरामद; एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
लोनी (गाजियाबाद), 16 नवंबर 2026। थाना लोनी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित एक आरोपी को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और महिला से छीनी गई चेन बरामद की है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर को थाना लोनी पुलिस टीम चिरोड़ी चौकी बैरियर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा संख्या 396/2026, धारा 304(2) बीएनएस से संबंधित चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी मोटरसाइकिल से बागपत की ओर से आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग तेज कर दी। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और नेवला भट्टी गांव की ओर नहर की पटरी पर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार घायल आरोपी की पहचान दीपक पुत्र रतीराम, निवासी झिंझाना, जिला शामली, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान हरिप्रकाश पुत्र पाती, निवासी बिरालियान, थाना झिंझाना, जिला शामली के रूप में की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
चिरोड़ी बाजार में महिला से छीनी थी चेन
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी दीपक ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी हरिप्रकाश के साथ मिलकर कुछ दिन पहले चिरोड़ी बाजार में एक महिला से चेन छीनी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में छीनी गई चेन भी बरामद कर ली है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक चोरी की मोटरसाइकिल और महिला से छीनी गई चेन बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में एक नया अभियोग पंजीकृत किया गया है, जबकि चेन स्नैचिंग की घटना के संबंध में पहले से एक मुकदमा दर्ज है। आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


