लोनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध आतिशबाजी के जखीरे के साथ एक गिरफ्तार, 50 किलो बारूद बरामद
11/27/2026
0
गाजियाबाद/लोनी, 25 नवंबर 2026। शादी समारोहों में इस्तेमाल होने वाली आतिशबाजी के अवैध कारोबार का लोनी पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और आतिशबाजी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान में करीब 50 किलोग्राम बारूद, 3400 अर्द्धनिर्मित पाइरो कैंडल और 96 पाइरोफायर गन शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर को थाना लोनी पुलिस टीम को मुखबिर के माध्यम से क्षेत्र में अवैध आतिशबाजी के सामान की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी फाजिल पुत्र रोजुद्दीन (27 वर्ष), निवासी ग्राम चिरौड़ी, थाना लोनी, गाजियाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 50 किलोग्राम बारूद, जिसका इस्तेमाल पाइरो कैंडल भरने में किया जाना था, 3400 अर्द्धनिर्मित पाइरो कैंडल और 96 पाइरोफायर गन बरामद हुईं।
शादी के सीजन में कमाई के लिए दिल्ली से खरीदा था सामान
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि शादी के सीजन में अधिक मुनाफा कमाने के इरादे से उसने आतिशबाजी का यह सामान दिल्ली से सस्ते दामों पर खरीदा था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी इस सामग्री की आपूर्ति कहां और किन लोगों को करने वाला था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना लोनी में विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9B(1)(b) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी में शामिल सामान
- 50 किलोग्राम बारूद (लगभग)
- 3400 अर्द्धनिर्मित पाइरो कैंडल
- 96 पाइरोफायर गन
लोनी पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध आतिशबाजी के कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मचा है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


