17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, सीएम योगी ने तैयारियों की समीक्षा की
9/01/2026
0
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की कार्ययोजना को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को व्यापक जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए और सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं।
उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए शासन, मुख्यमंत्री कार्यालय और जनपद स्तर पर स्पष्ट समन्वय व्यवस्था बनाई जाए। मुख्यमंत्री कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी।
‘आशीर्वाद का दीया’ से होगी शुरुआत
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ अभियान का शुभारंभ होगा। प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, नदी घाटों, मंदिरों, पार्कों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और चिकित्सालयों में विशेष दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इस दौरान दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन का उत्सव’
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम होंगे। स्वस्थ बच्चों को प्रोत्साहित कर पुरस्कृत किया जाएगा। कुपोषण से सुपोषण की स्थिति तक पहुंची माताओं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।
युवाओं की इनोवेशन चैलेंज में भागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ में उत्तर प्रदेश की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दिल्ली, बेंगलुरु, कोलकाता, महाराष्ट्र और गुजरात में आयोजित होने वाले पांच प्रमुख कार्यक्रमों से प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने पर जोर दिया गया।
17 अक्टूबर को ‘जनसेवा महाकुंभ’
अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘पंचायत से पार्लियामेंट’ थीम पर होने वाले ‘जनसेवा महाकुंभ’ में उत्तर प्रदेश की प्रभावी भागीदारी के साथ होगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 10 सितंबर तक कार्ययोजना तैयार करने, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक तथा डेटा-बैंक और लाभार्थी सूचियों की तैयारी पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक जनभागीदारी वाला अभियान बनाया जा सके।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


