लोनी में मुठभेड़, चेन स्नेचर पैर में गोली लगने से गिरफ्तार
8/30/2026
0
लोनी। स्वाट टीम ग्रामीण जोन और थाना लोनी पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान छिनैती के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, निठोरा अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि छिनैती की घटना में शामिल आरोपी मोटरसाइकिल से निठोरा की ओर से आ रहे हैं। पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। पीछा करने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई।
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान एक आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे में भाग निकला।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. आसिफ पुत्र मो. यूनुस (35), निवासी सुल्तान नगर, मुस्तफाबाद, लोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल, 16 हजार रुपये नकद और मुथूट फाइनेंस की एक पर्ची बरामद की है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी दानिश के साथ 23 अगस्त की रात सितारा मस्जिद रोड, मुस्तफाबाद में परचून की दुकान पर बैठी महिला के गले से चेन छीनने की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी के अनुसार, चेन की रकम में उसके हिस्से में 40 हजार रुपये आए थे, जिसमें से 16 हजार रुपये उसके पास बचे थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कमिश्नरेट गाजियाबाद के विभिन्न थानों में छिनैती और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार साथी की तलाश की जा रही है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


