लोनी में पुलिस मुठभेड़: 50 लाख के आभूषणों के साथ नकबजन गिरफ्तार
8/20/2026
0
गाजियाबाद/लोनी। थाना लोनी पुलिस ने नकबजनी की वारदात में वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से अभियुक्त घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, खोखा कारतूस, जिंदा कारतूस तथा चोरी किए गए करीब 50 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना लोनी क्षेत्र के निठोरा अंडरपास के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नकबजनी की घटना में वांछित अभियुक्त मोटरसाइकिल से निठोरा की ओर से आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग तेज कर दी। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक को तेजी से मोड़कर भागने लगा। उसके कंधे पर एक पिट्ठू बैग भी लटका हुआ था।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो भागते समय मोटरसाइकिल फिसल गई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद अभियुक्त ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम सचिन पुत्र राजू, निवासी डबल टंकी के पास रूपनगर, लोनी, गाजियाबाद, उम्र करीब 28 वर्ष बताया।
20 अगस्त की रात की चोरी का खुलासा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सचिन ने बताया कि उसने 20 अगस्त 2026 की रात गिरि मार्केट, लोनी में एक घर में घुसकर नकबजनी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके पास से इसी घटना से संबंधित चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
हथियार और चोरी का माल बरामद
अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके साथ ही चोरी किए गए सोने एवं चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सचिन के खिलाफ कमिश्नरेट गाजियाबाद के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें नकबजनी, चोरी, चोरी का माल बरामदगी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं।
थाना लोनी पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई से नकबजनी की एक बड़ी वारदात का खुलासा होने का दावा किया गया है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


