इंदिरापुरम में पुलिस मुठभेड़, अंतर्राष्ट्रीय वाहन चोर समेत दो गिरफ्तार
9/08/2026
0
गाजियाबाद। कमिश्नरेट गाजियाबाद की स्वाट टीम अपराध शाखा एवं थाना इंदिरापुरम पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इंदिरापुरम क्षेत्र से चोरी की गई ग्रे रंग की ब्रेजा कार, एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को स्वाट टीम अपराध शाखा और थाना इंदिरापुरम पुलिस कनावनी पुलिया पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सामने से एक ग्रे रंग की ब्रेजा कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे मोड़कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे टकरा गई। इसके बाद कार सवार दोनों आरोपी उतरकर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में कार चला रहा आरोपी गुड्डू कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं कॉम्बिंग के दौरान दूसरे आरोपी छोटू कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान गुड्डू कुमार पुत्र मुकेश सिंह, निवासी ग्राम नुआकुर, जिला त्रिशूली, नेपाल, हाल निवासी पटना, बिहार, उम्र 43 वर्ष के रूप में हुई है। दूसरे आरोपी की पहचान छोटू कुमार पुत्र स्व. चंदन राय, निवासी न्यू पुनाई चौक, थाना शास्त्री नगर, पटना, बिहार, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है।
चोरी की ब्रेजा कार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ग्रे रंग की ब्रेजा कार (UK19A6315) बरामद की है। जांच में सामने आया कि यह कार थाना इंदिरापुरम क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में थाना इंदिरापुरम में मु0अ0सं0 681/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
इसके अलावा पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पटना और गुरुग्राम में रहा आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी गुड्डू कुमार ने बताया कि वह बिहार के पटना में शराब तस्करी तथा हरियाणा के गुरुग्राम में वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में स्वाट टीम अपराध शाखा एवं थाना इंदिरापुरम पुलिस टीम, कमिश्नरेट गाजियाबाद शामिल रही।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


