बागपत में जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता: जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल
10/07/2026
0
सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की थीम पर विकास को मिलेगी नई दिशा, बागपत महोत्सव के आयोजन पर भी चर्चा
बागपत, 07 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता एवं मीडिया संवाद का आयोजन किया गया। बैठक में जनपद के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, जनशिकायतों के निस्तारण, औद्योगिक गतिविधियों, सांस्कृतिक विकास तथा आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा में उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
छपरौली केंद्रीय विद्यालय प्रकरण के समाधान को एक सप्ताह की समय-सीमा
छपरौली में केंद्रीय विद्यालय से संबंधित प्रकरण की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि इसके समाधान के लिए एक सप्ताह की समय-सीमा निर्धारित की गई है। संबंधित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस प्रगति हो सके।
उन्होंने यह भी बताया कि ईशा फाउंडेशन के योग एवं आरोग्य केंद्र के लिए भूमि उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जाएगी। जनपद में योग, स्वास्थ्य और आरोग्य से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।
इतिहास और संस्कृति से जुड़ेगा विकास
प्रेस वार्ता में बागपत के विकास कार्यों को स्थानीय इतिहास, संस्कृति और विरासत से जोड़ने पर भी विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की थीम के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इसी क्रम में मीडिया प्रतिनिधियों की ओर से जनपद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाने के लिए ‘बागपत महोत्सव’ आयोजित किए जाने का सुझाव दिया गया। महोत्सव के माध्यम से स्थानीय कला, संस्कृति, परंपराओं और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
आईजीआरएस से शिकायतों की लगातार निगरानी
जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल की व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आमजन पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं और उनके निस्तारण की स्थिति की निगरानी भी की जाती है।
जिन तहसीलों अथवा क्षेत्रों से अपेक्षाकृत अधिक शिकायतें प्राप्त होती हैं, उन्हें विशेष मॉनिटरिंग में रखा जाता है। संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाती है, ताकि समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की देरी न हो।
सुबह 10 बजे से कार्यालयों में उपलब्ध रहेंगे अधिकारी
मीडिया प्रतिनिधियों ने अंश निर्धारण से संबंधित समस्याओं तथा तहसील दिवसों को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में सुझाव रखे। जिलाधिकारी ने इन विषयों को जनसुविधा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदु बताते हुए आवश्यक स्तर पर विचार करने की बात कही।
उन्होंने बताया कि आमजन को अधिकारियों तक अपनी समस्याएं आसानी से पहुंचाने के लिए प्रातः 10 बजे से सभी अधिकारियों को अपने कार्यालयों में उपलब्ध रहने के विशेष निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर
जिला संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सकों की नियुक्ति तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के संबंध में भी बैठक में चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकीय मानव संसाधन और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में आवश्यक प्रयासों पर जोर दिया।
मीडिया प्रतिनिधियों ने जनपद में पत्रकारों के लिए मीडिया हाउस विकसित किए जाने की आवश्यकता भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने इस संबंध में उपलब्ध संभावनाओं के अनुरूप आवश्यक विचार एवं कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
प्रशासन और मीडिया के बीच निरंतर संवाद जरूरी
जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल ने कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच निरंतर संवाद जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और नागरिकों से जुड़े विषयों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने जनहित से जुड़े विषयों पर मीडिया प्रतिनिधियों से रचनात्मक सुझाव देने का आह्वान किया और कहा कि ऐसे सुझावों को सकारात्मक दृष्टिकोण से लिया जाएगा।
प्रेस वार्ता एवं मीडिया संवाद में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार राय, जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी सहित विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


