बागपत का ऐतिहासिक परशुरामेश्वर पुरा महादेव मेला बनेगा 'जीरो वेस्ट महोत्सव', डीएम-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
7/25/2026
0
बागपत, 24 जुलाई 2026। आगामी श्रावण मेला-2026 को लेकर बागपत जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने शुक्रवार को प्रसिद्ध परशुरामेश्वर पुरा महादेव मंदिर पहुंचकर मेला परिसर और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाएं, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक इंतजामों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु और प्रभावी ढंग से संचालित हों ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सुरक्षा से जुड़े सभी प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ जिम्मेदारी और सतर्कता से कार्य करने पर जोर दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने मंदिर के गर्भगृह में भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक कर जनपद और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा सभी श्रद्धालुओं के कल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर, संपर्क मार्गों और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष परशुरामेश्वर पुरा महादेव का ऐतिहासिक श्रावण मेला 'जीरो वेस्ट महोत्सव' के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्वच्छ, पर्यावरण-अनुकूल और सुव्यवस्थित धार्मिक आयोजन सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
श्रावण मेले के लिए जनपद की विभिन्न सीमाओं से मंदिर तक आने वाले प्रमुख मार्गों पर मंदिर की थीम पर आधारित आकर्षक स्वागत और दिशा-सूचक साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्डों पर कांवड़ यात्रा ऐप का क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराया गया है, जिसे स्कैन कर श्रद्धालु यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारी और सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मेला-2026 को भव्य, सुरक्षित, स्वच्छ और श्रद्धालु हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार समीक्षा, निरीक्षण और मॉनिटरिंग कर रहा है। प्रशासन का लक्ष्य लाखों शिवभक्तों को बेहतर सुविधाओं के साथ सुरक्षित और यादगार धार्मिक अनुभव प्रदान करना है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम दिग्विजय सिंह, खंड विकास अधिकारी महेश चंद्र गॉड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


