लोनी बॉर्डर क्षेत्र में 300 पुलिसकर्मियों का फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था हुई और सख्त
7/02/2026
0
गाजियाबाद। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस ने लोनी बॉर्डर क्षेत्र में गुरुवार को भारी पुलिस बल के साथ व्यापक फ्लैग मार्च और पैदल गश्त की। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेन्द्र नाथ तिवारी के निर्देशन में किया गया।
फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना, आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना तथा असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों में कानून का भय स्थापित करना था। पुलिस टीम ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस 24 घंटे मुस्तैद है। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील भी की।
इन अधिकारियों की रही प्रमुख मौजूदगी
फ्लैग मार्च में सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार सहित थाना प्रभारी लोनी बॉर्डर, थाना प्रभारी लोनी, थाना प्रभारी अंकुर विहार, थाना प्रभारी ट्रोनिका सिटी, थाना प्रभारी भोजपुर एवं थाना प्रभारी निवाड़ी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
300 पुलिसकर्मी, पीएसी और क्यूआरटी रही तैनात
इस विशेष अभियान में लगभग 300 पुलिसकर्मियों के साथ क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) एवं पीएसी के जवान भी शामिल रहे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का मजबूत संदेश गया और लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दौरान इसी प्रकार लगातार फ्लैग मार्च, पैदल गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे ताकि क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


