लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा विभिन्न विशेषज्ञों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य कैंसर टास्क फोर्स तथा उत्तर प्रदेश ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क (UPTEN) की कार्ययोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में चरणबद्ध तरीके से कैंसर उपचार सुविधाओं का विस्तार किया जाए। साथ ही प्रत्येक मंडल में अत्याधुनिक कैंसर केंद्र स्थापित किए जाएं, ताकि मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से निपटने के लिए केवल इलाज ही नहीं, बल्कि रोकथाम, समयबद्ध स्क्रीनिंग, शीघ्र पहचान और गुणवत्तापूर्ण उपचार पर विशेष ध्यान देना होगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने दुर्घटनाओं और अन्य गंभीर आपात स्थितियों में घायलों को 'गोल्डन ऑवर' के भीतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए पूरे प्रदेश में एकीकृत उत्तर प्रदेश ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क (UPTEN) विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से हजारों लोगों की जान बचाई जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, ट्रॉमा सेंटरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित डिजिटल रेफरल प्रणाली विकसित करने, एंबुलेंस, अस्पतालों में बेड की उपलब्धता तथा उपचार सुविधाओं की रियल-टाइम मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे पर त्वरित आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को केवल उपचार तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे रोकथाम, शीघ्र पहचान, आधुनिक उपचार, पुनर्वास, अनुसंधान और तकनीक आधारित समन्वित स्वास्थ्य प्रणाली के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल कर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आधुनिक चिकित्सा के साथ पुनर्वास सेवाओं, मानसिक स्वास्थ्य सहयोग, योग एवं आयुष आधारित समन्वित चिकित्सा को भी बढ़ावा देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री के इन निर्देशों को उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के व्यापक आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से कैंसर मरीजों और सड़क दुर्घटनाओं सहित अन्य आपातकालीन स्थितियों में लोगों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में बड़ी सहायता मिलेगी।


