गाजियाबाद पुलिस का ‘वादी संवाद दिवस’ सफल, 251 फरियादियों से संवाद कर विवेचनाओं की दी जानकारी
7/01/2026
0
गाजियाबाद। आमजन को त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस की पहल ‘वादी संवाद दिवस’ लगातार प्रभावी साबित हो रही है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में प्रत्येक बुधवार आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम के तहत 1 जुलाई 2026 को कमिश्नरेट के सभी थानों में वादी संवाद दिवस आयोजित किया गया, जिसमें कुल 251 फरियादियों ने भाग लिया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य वादियों और पुलिस के बीच सीधा संवाद स्थापित कर विवेचनाओं में पारदर्शिता लाना, शिकायतकर्ताओं की शंकाओं का समाधान करना और न्यायिक प्रक्रिया के प्रति उनका विश्वास मजबूत करना है।
कार्यक्रम के दौरान एफआईआर, एनसीआर और गुमशुदगी से जुड़े मामलों के वादियों को संबंधित थानों पर आमंत्रित किया गया। विवेचकों ने प्रत्येक मामले की वर्तमान स्थिति, जांच की प्रगति और आगे की कार्रवाई की जानकारी विस्तार से दी। साथ ही वादियों द्वारा पूछे गए सभी प्रश्नों का तथ्यात्मक एवं संतोषजनक उत्तर देकर उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।
जोनवार उपस्थिति इस प्रकार रही—
नगर जोन: 73 वादी
ट्रांस हिंडन जोन: 101 वादी
ग्रामीण जोन: 77 वादी
इस प्रकार पूरे कमिश्नरेट गाजियाबाद में कुल 251 वादियों ने वादी संवाद दिवस में भाग लिया।
गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि यह पहल जनकेन्द्रित पुलिसिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक फरियादी को उसके मामले की समयबद्ध और सही जानकारी उपलब्ध कराना तथा पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास को और मजबूत करना है।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में भविष्य में भी ऐसे नवाचार जारी रहेंगे, जिससे पुलिस और जनता के बीच पारदर्शिता, संवाद और सहयोग को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


