गाजियाबाद में पुलिस का बड़ा एक्शन: मुठभेड़ में स्नैचिंग गैंग के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, पुलिस पर की थी फायरिंग
7/01/2026
0
गाजियाबाद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना इंदिरापुरम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। बरामदगी में अवैध हथियार, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक मिली है।
पुलिस के अनुसार 1 जुलाई 2026 को कनावनी पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सेक्टर-5/6 की ओर से बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरव यादव उर्फ गोली और अमन यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे गाजियाबाद, नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में लूट, स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस अब इनसे जुड़े अन्य मामलों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, चार खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल और पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद किया है।
जांच में सामने आया कि सौरव यादव उर्फ गोली के खिलाफ एनसीआर के विभिन्न थानों में तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट के मामले शामिल हैं। वहीं अमन यादव के खिलाफ भी लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इंदिरापुरम पुलिस की इस कार्रवाई को एनसीआर में सक्रिय स्नैचिंग गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और उनसे पूछताछ के आधार पर अन्य आपराधिक मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


