स्कूल चलो अभियान' को मिली नई रफ्तार, 1.10 करोड़ बच्चों के अभिभावकों के खातों में ₹1,320 करोड़ की राशि हस्तांतरित
7/08/2026
0
लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार ने 'स्कूल चलो अभियान' के तहत प्रदेश के करोड़ों विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए प्रथम चरण में 1 करोड़ 10 लाख बच्चों के अभिभावकों के बैंक खातों में ₹1,320 करोड़ की धनराशि हस्तांतरित की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि बेसिक शिक्षा से जुड़े प्रत्येक पात्र छात्र को यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, पाठ्यपुस्तकें, स्वेटर, जूते और मोजे की खरीद के लिए ₹1,200 की आर्थिक सहायता सीधे अभिभावकों के खातों में भेजी जा रही है।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें विद्यालय से जोड़ना और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से राशि सीधे खातों में भेजे जाने से प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना और किसी भी बच्चे को संसाधनों के अभाव में शिक्षा से वंचित न रहने देना है। 'स्कूल चलो अभियान' इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


