बागपत में प्रदूषण पर बड़ा एक्शन: 13 अवैध ईंट भट्टे बंद, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
7/07/2026
0
जिलाधिकारी अस्मिता लाल का सख्त संदेश—प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, हर ईंट भट्टे पर 100 पौधे लगाने के निर्देश
बागपत, 7 जुलाई 2026।
जनपद बागपत में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 जून के बाद अवैध रूप से संचालित 13 ईंट भट्टों का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देश पर सर्वोच्च न्यायालय और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के निर्देशों के अनुपालन में की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में प्रदूषण फैलाने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों का किसी भी स्थिति में उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने 16 ईंट भट्टों को पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन करते पाया। इनके खिलाफ वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम के तहत कार्रवाई की संस्तुति की गई है। दोषी पाए जाने पर संबंधित भट्टा संचालकों पर 10 हजार रुपये से 15 लाख रुपये तक का पर्यावरणीय प्रतिकर लगाया जा सकता है।
विशेष अभियान में 13 ईंट भट्टे 30 जून के बाद भी अवैध रूप से संचालित पाए गए, जिन्हें तत्काल बंद करा दिया गया। इनके विरुद्ध पर्यावरणीय प्रतिकर लगाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने कहा कि केवल ईंट भट्टों ही नहीं, बल्कि उद्योगों, अस्पतालों, वाहनों और अन्य किसी भी स्रोत से प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाकर नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।
साथ ही वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत जनपद के लगभग 390 ईंट भट्टों से प्रत्येक परिसर में कम से कम 100 पौधे लगाने का आह्वान किया गया है, ताकि बागपत को हरित और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


