लोनी में उमड़ा जनसैलाब: अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने किया स्मृति द्वार का शिलान्यास
लोनी, 28 जून 2026। लोकमाता पुण्यश्लोक महारानी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती के अवसर पर रविवार को गाजियाबाद के लोनी में ऐतिहासिक और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कन्या डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित इस समारोह में हजारों की संख्या में पाल-बघेल समाज के लोगों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रहे।
इस अवसर पर विधायक निधि से बनने वाले 'लोकमाता अहिल्याबाई होलकर स्मृति द्वार' का लोनी बॉर्डर पर शिलान्यास किया गया। उपमुख्यमंत्री ने वृक्षारोपण भी किया। कार्यक्रम स्थल पर उनके स्वागत के लिए जेसीबी से पुष्पवर्षा की गई, ढोल-नगाड़े बजे और आतिशबाजी के बीच पाल-बघेल समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
डिप्टी सीएम का बड़ा बयान
सभा को संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जिस प्रकार रामभक्तों की जीत हुई, उसी प्रकार शिवभक्तों की भी जीत होगी। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर ने देशभर में मंदिरों के संरक्षण और पुनर्निर्माण का ऐतिहासिक कार्य किया, जिसके कारण आज अनेक प्राचीन धार्मिक स्थल सुरक्षित हैं। उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार कानून के राज और न्याय के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अहिल्याबाई होलकर की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प
लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय संस्कृति, नारी सशक्तिकरण, सुशासन और जनसेवा की प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि बनने वाला स्मृति द्वार आने वाली पीढ़ियों को उनके महान कार्यों की याद दिलाएगा। उन्होंने कार्यक्रम में उमड़े जनसैलाब के लिए पाल-बघेल समाज और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
सांसद अतुल गर्ग ने किया सम्मानित
गाजियाबाद सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर का जीवन राष्ट्रसेवा, धर्म और लोककल्याण का आदर्श उदाहरण है। उनके आदर्शों का अनुसरण कर ही विकसित भारत का सपना साकार किया जा सकता है।
हजारों लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम का संयोजन रामनिवास पाल और अध्यक्षता जगत सिंह पाल ने की। समारोह में भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पाल-बघेल समाज के गणमान्य नागरिक तथा हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रवींद्र होलकर ने किया।
लोनी में आयोजित यह समारोह सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक गौरव और जनभागीदारी का एक यादगार आयोजन बनकर सामने आया।


