लूटकांड का आरोपी गोली लगने के बाद गिरफ्तार
6/17/2026
0
गाजियाबाद। थाना मुरादनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा तथा 700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना मुरादनगर पुलिस टीम पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से मेरठ की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हाल ही में लूट की घटना को अंजाम देने वाला एक बदमाश अपने साथियों के साथ नवीपुर बंबा पेरिफेरल अंडरपास के पास किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में आने वाला है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने दुहाई से नवीपुर बंबा पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे अंडरपास के नीचे घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद नवीपुर की ओर से एक ऑटो रिक्शा आता दिखाई दिया। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर ऑटो चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय तेजी से पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान ऑटो बंबे के पास फंस गया।
पुलिस के अनुसार खुद को चारों ओर से घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत फायर किया, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान करन पुत्र सूरजपाल निवासी गली नंबर-18, फेज-10, शिव विहार, थाना करावल नगर, दिल्ली के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी करन ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसने बताया कि कुछ दिन पहले उसने अपने साथियों पुनित शर्मा, जतिन मित्तल और अनुराग गुप्ता के साथ मिलकर मेरठ मोड़ क्षेत्र से एक व्यक्ति को ऑटो रिक्शा में बैठाया था। इसके बाद आरोपियों ने उससे दो मोबाइल फोन और 5600 रुपये लूट लिए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद पीड़ित को दुहाई पेरिफेरल के आगे सुनसान स्थान पर छोड़ दिया गया था।
आरोपी ने बताया कि लूट के बाद नकदी को सभी साथियों ने आपस में बांट लिया था। लूटे गए दो मोबाइल फोनों में से एक फोन उसने अपने साथी पुनित शर्मा को दे दिया था, जबकि दूसरा मोबाइल उसने अपने पास रख लिया था। पुलिस द्वारा बरामद मोबाइल फोन और नकदी उसी लूट की घटना से संबंधित हैं। साथ ही बरामद ऑटो रिक्शा भी वही वाहन है जिसका इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने में किया गया था।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार चल रहे उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इस कार्रवाई को थाना मुरादनगर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


