लोनी बॉर्डर में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 1211 बदमाशों का सत्यापन कर खंगाला रिकॉर्ड
6/13/2026
0
गाजियाबाद। अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस आयुक्त गाजियाबाद जे. रविन्दर गौड के निर्देशन में चलाए जा रहे दो दिवसीय विशेष सत्यापन एवं सर्च अभियान के तहत शनिवार को थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने किया, जबकि मौके पर एसीपी लोनी/अंकुर विहार, थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस ने अत्याधुनिक यक्ष एप की सहायता से क्षेत्र के चिन्हित अपराधियों की जानकारी जुटाते हुए उनका भौतिक सत्यापन किया। पूरे थाना क्षेत्र में अलग-अलग टीमों को तैनात कर घर-घर जांच की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। इस दौरान पुलिस ने ऐसे अपराधियों को चिन्हित किया जो हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, बलवा, गौवध और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल रहे हैं।
1211 अपराधियों का सत्यापन, पुलिस ने खंगाला पूरा रिकॉर्ड
अभियान के दौरान कुल 1211 अपराधियों का सत्यापन किया गया। इनमें 88 हिस्ट्रीशीटर, 29 हत्या के आरोपी, 59 लुटेरे, 370 चोर, 61 स्नैचर, 40 दुष्कर्म और छेड़छाड़ के आरोपी तथा 564 अन्य श्रेणी के अपराधी शामिल रहे। पुलिस ने सभी की वर्तमान गतिविधियों, निवास स्थान और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की।
जमानत पर बाहर घूम रहे अपराधी भी रडार पर
पुलिस ने उन अपराधियों पर विशेष फोकस किया जो गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं और वर्तमान में जमानत पर बाहर हैं। उनकी गतिविधियों, जमानत की शर्तों के पालन और सामाजिक व्यवहार की भी जांच की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई अपराधी पुनः आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण बढ़ाई गई निगरानी
दिल्ली से सटे लोनी बॉर्डर क्षेत्र को संवेदनशील माना जाता है। इसी वजह से पुलिस ने बाहरी राज्यों और जनपदों से आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की। कई स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों और लोगों की पहचान सत्यापित की गई।
अवैध हथियार, नशे और अपराध पर रोक लक्ष्य
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अवैध हथियारों की आवाजाही, मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी, लूट और अन्य संगठित अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना है। इसके साथ ही अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और आम जनता के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना भी अभियान की प्राथमिकता है।
पुलिस का स्पष्ट संदेश
पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप है, वहीं आम नागरिकों ने अभियान का स्वागत करते हुए इसे सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


