ओमकार सिंह अपहरण एवं हत्याकांड में पुलिस का बड़ा प्रहार, 50 हजार का इनामी गौरव नागर मुठभेड़ में गिरफ्तार
6/12/2026
0
गाजियाबाद। लोनी के बहुचर्चित ओमकार सिंह अपहरण एवं हत्याकांड में गाजियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब दो सप्ताह से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी गौरव नागर को थाना लोनी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गनौली निवासी ओमकार सिंह के अपहरण एवं हत्या मामले में वांछित चल रहा इनामी बदमाश गौरव नागर बंथला से चिरोड़ी की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही थाना लोनी पुलिस ने बंथला-चिरोड़ी मार्ग पर नहर के पास घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
कुछ देर बाद एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार पुलिस टीम को आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने कार का पीछा किया तो कुछ दूरी पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया।
कार दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद आरोपी वाहन से बाहर निकला और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चली गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया और अस्पताल भिजवा दिया।
पूछताछ में कबूला अपराध
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गौरव नागर पुत्र गजराज निवासी ग्राम बादलपुर, थाना बादलपुर, गौतमबुद्धनगर बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ओमकार सिंह पुत्र राममेहर निवासी ग्राम गनौली, थाना लोनी का अपहरण किया था। इसके बाद उनकी हत्या कर शव को मेरठ रोड स्थित गंगानगर क्षेत्र में फेंक दिया गया था।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मामले में थाना लोनी पर मुकदमा दर्ज किया गया था और गौरव नागर की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
हथियार और कार बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्विफ्ट कार, एक .32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद हथियार को कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है।
एनसीआर में दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार गौरव नागर के खिलाफ एनसीआर क्षेत्र के विभिन्न थानों में करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और पूरे आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ओमकार सिंह अपहरण एवं हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा है और अपराधियों में खौफ का माहौल देखा जा रहा है। गाजियाबाद पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि गंभीर अपराध करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


