कृषि विज्ञान केंद्र खेकड़ा में प्राकृतिक खेती कार्यशाला-2026 का शुभारंभ, प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने किसानों को किया संबोधित
6/18/2026
0
बागपत, 18 जून 2026। कृषि विभाग बागपत द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र, खेकड़ा में आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला-2026 का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने किया। यह कार्यक्रम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
अपने एक दिवसीय बागपत दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में कृषि विभाग द्वारा लगाई गई विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों तथा आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित किसानों से संवाद करते हुए प्राकृतिक खेती को समय की आवश्यकता बताया और कहा कि रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम कर जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना न केवल किसानों की लागत को कम करेगा, बल्कि भूमि की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। इसी उद्देश्य से अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ लाखों किसान उठा रहे हैं।
उन्होंने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना सहित विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही किसानों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किसानों को उन्नत किस्म के बीज भी वितरित किए गए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार कृषि उत्पादन बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और किसानों की आमदनी में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा, कृषि उपनिदेशक विभाति चतुर्वेदी, जिला कृषि अधिकारी बाल गोविंद यादव, भूमि संरक्षण अधिकारी धीरज कुमार सहित कृषि विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में किसानों ने प्राकृतिक खेती से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की तथा कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यशाला का उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती की ओर प्रेरित करना, कृषि लागत को कम करना तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ कृषि उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में किसानों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


