गाजियाबाद। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला को उसके मकान का पुनः कब्जा दिलाया गया। यह कार्रवाई जनता दर्शन में प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, 29 मई 2026 को आयोजित जनता दर्शन में बी-26, सेक्टर-11, विजय नगर निवासी चंचल पत्नी स्वर्गीय नरेंद्र बाबू ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि ताज मोहम्मद पुत्र नूर मोहम्मद ने धोखाधड़ी कर उनके मकान पर अवैध कब्जा करा दिया है। प्रार्थिनी के अनुसार उन्होंने ताज मोहम्मद से मात्र 1.50 लाख रुपये उधार लिए थे, जिसके बदले मकान के मूल दस्तावेज गिरवी रखे गए थे। बाद में ब्याज की राशि बढ़ाकर लगभग 7 लाख रुपये बताई गई और ताज मोहम्मद ने मकान का कब्जा मोमीन पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी प्रताप विहार को दे दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के आदेश दिए और उपजिलाधिकारी सदर तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की। जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर तथ्यों का सत्यापन किया, जिसमें शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ताज मोहम्मद वर्तमान में एक अन्य मामले में गाजियाबाद जेल में निरुद्ध है। प्रशासनिक एवं पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विवादित मकान को कब्जामुक्त कराया और उसका वैध कब्जा श्रीमती चंचल को सौंप दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की शिकायतों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है तथा किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इस कार्रवाई से पीड़िता को राहत मिली और प्रशासन की त्वरित कार्यशैली पर लोगों ने संतोष व्यक्त किया।

