गाजियाबाद में मौसम विभाग का रेड अलर्ट जारी, अगले तीन घंटों में 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, ओलावृष्टि की भी चेतावनी
5/30/2026
0
गाजियाबाद। मौसम विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जनपद गाजियाबाद के लिए गंभीर मौसम संबंधी चेतावनी जारी करते हुए अगले तीन घंटों के भीतर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तेज आंधी, तूफान, भारी बारिश एवं ओलावृष्टि की प्रबल संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने संभावित खराब मौसम को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।
जारी चेतावनी के अनुसार गाजियाबाद में तेज़ तूफान के दौरान हवा की गति 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो कुछ स्थानों पर बढ़कर 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में ओलावृष्टि एवं तेज वर्षा होने का भी अनुमान जताया गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गाजियाबाद ने जनपदवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। प्राधिकरण ने कहा है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से कहा है कि मौसम संबंधी ताजा जानकारी प्राप्त करने के लिए रेडियो, टेलीविजन एवं सोशल मीडिया के विश्वसनीय माध्यमों पर लगातार नजर बनाए रखें। साथ ही पुराने एवं जर्जर भवनों, कच्ची दीवारों, बिजली के खंभों तथा विद्युत तारों के आसपास खड़े होने से बचें, क्योंकि तेज हवाओं के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है।
प्रशासन ने विशेष रूप से किसानों को सलाह दी है कि खेतों में पहले से कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर ढककर रखें तथा भारी बारिश एवं ओलावृष्टि के दौरान खेतों में जाने से बचें। इसके अतिरिक्त धातु की डंडी वाले छातों का प्रयोग न करने और बच्चों तथा बुजुर्गों को घर के भीतर सुरक्षित रखने की अपील भी की गई है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों को मौसम संबंधी सटीक एवं समयबद्ध जानकारी प्राप्त करने के लिए “सचेत” मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी है। किसी भी आपातकालीन अथवा चिकित्सीय सहायता की आवश्यकता होने पर नागरिक टोल फ्री नंबर 108 एवं 102 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गाजियाबाद ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सतर्कता और सावधानी ही उनकी सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है।
"आपकी सतर्कता एवं सावधानी ही आपकी सुरक्षा है। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित रहें।" – जिलाधिकारी, गाजियाबाद।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


