गाजियाबाद पुलिस की मजबूत पैरवी से पॉक्सो आरोपी को मिली 20 वर्ष की सजा
5/25/2026
0
कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस की सख्त कार्रवाई और प्रभावी पैरवी के चलते एक जघन्य अपराध में दोषी को कड़ी सजा दिलाने में बड़ी सफलता हासिल हुई है। ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ के अंतर्गत की गई मजबूत कानूनी पैरवी के परिणामस्वरूप दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के मामले में अभियुक्त को 20 वर्ष के सश्रम कारावास तथा 01 लाख रुपये के अर्थदण्ड से दंडित किया गया है। यह फैसला अपराधियों के खिलाफ गाजियाबाद पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाता है।
पुलिस आयुक्त गाजियाबाद के निर्देशन में गठित ‘कन्विक्शन सेल’ द्वारा गंभीर अपराधों में आरोपियों को कठोर सजा दिलाने हेतु लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में थाना मोदीनगर पर पंजीकृत मुकदमे में विवेचक निरीक्षक राजीव सिंह द्वारा वैज्ञानिक एवं ठोस साक्ष्यों के आधार पर गहन विवेचना की गई। साथ ही ‘कन्विक्शन सेल’ के साथ निरंतर समन्वय बनाकर विशेष लोक अभियोजक (पॉक्सो) उत्कर्ष वत्स द्वारा न्यायालय में प्रभावशाली पैरवी प्रस्तुत की गई।
प्रकरण में अभियुक्त सचिन पुत्र जसवंत सिंह निवासी गली नम्बर-03, बिसोखर रोड, बाल्मीकि वाली गली, थाना मोदीनगर, कमिश्नरेट गाजियाबाद के विरुद्ध थाना मोदीनगर पर धारा 376एबी भादवि एवं 5/6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। अभियुक्त पर आरोप था कि उसने वादिया की नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर सुनसान खंडहर स्थान पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस गंभीर घटना के संबंध में दिनांक 07 जुलाई 2023 को थाना मोदीनगर में अभियोग पंजीकृत कराया गया था।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष द्वारा प्रस्तुत सशक्त साक्ष्यों एवं प्रभावी पैरवी को आधार मानते हुए मा० न्यायालय विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट)/अपर सत्र न्यायाधीश गाजियाबाद ने दिनांक 25 मई 2026 को अभियुक्त को धारा-6 पॉक्सो एक्ट के तहत दोषी करार देते हुए 20 वर्ष के सश्रम कारावास तथा 01 लाख रुपये के अर्थदण्ड की सजा सुनाई।
गाजियाबाद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अपराधियों के विरुद्ध एक मजबूत अभियान बनकर उभर रहा है, जिसके माध्यम से न केवल अपराधियों को गिरफ्तार किया जा रहा है बल्कि उन्हें न्यायालय से कठोर दंड भी दिलाया जा रहा है। यह कार्रवाई समाज में कानून का भय स्थापित करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


