एनसीआर में वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर चोर गिरफ्तार, 18 चोरी के वाहन बरामद
5/22/2026
0
गाजियाबाद के अंकुर विहार थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना अंकुर विहार पुलिस टीम ने एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से 18 चोरी के वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में 12 मोटरसाइकिलें, 5 स्कूटी और 1 विक्की शामिल है। पुलिस के अनुसार सभी वाहन दिल्ली और गाजियाबाद के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी किए गए थे।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 21 मई 2026 को थाना अंकुर विहार पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमजद पुत्र चांद बाबू निवासी प्रेमनगर थाना लोनी तथा बिलाल पुत्र रहीसुद्दीन निवासी नसबंदी कॉलोनी डाबर तालाब थाना अंकुर विहार के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि वे अपने एक अन्य साथी माजिद के साथ मिलकर दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी किए गए वाहनों को सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था और बाद में उन्हें बेचने की योजना बनाई जाती थी। अभियुक्तों ने यह भी स्वीकार किया कि जिस मोटरसाइकिल से वे पुलिस के हत्थे चढ़े, उसे करीब एक माह पहले डीएलएफ क्षेत्र से चोरी किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद किए गए 18 वाहनों में से 5 वाहन केवल थाना अंकुर विहार क्षेत्र से चोरी किए गए थे। सभी वाहनों के संबंध में दिल्ली और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में थाना अंकुर विहार पर धारा 317(2), 317(5) और 3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य माजिद पुत्र शौकीन निवासी प्रेमनगर थाना लोनी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ दिल्ली और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, बरामदगी और अन्य आपराधिक मामलों के दर्जनों मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


