चित्रकूट को मिली विकास की नई सौगात, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिए बड़े निर्देश
7/09/2026
0
चित्रकूट | KJHTEJ News
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज चित्रकूट जनपद में कानून-व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ पहुंचे तथा सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री ने चित्रकूट में 300 शैय्याओं वाले मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए शीघ्र भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से चित्रकूट और आसपास के जनपदों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने मंदाकिनी नदी के पुनरुत्थान, गोवंश संरक्षण, किसानों को आधुनिक कृषि सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा युवाओं को स्वरोजगार के लिए अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की रोजगार एवं स्वरोजगार योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाया जाए।
योगी आदित्यनाथ ने जल जीवन मिशन की सभी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चित्रकूट धाम मंडल के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग की निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित सड़क और पुल परियोजनाओं की समीक्षा की। जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों के आधार पर विभिन्न विकास कार्यों की कार्ययोजनाओं को मंजूरी देते हुए उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य विकास और सुशासन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित के प्रत्येक कार्य की नियमित निगरानी करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
KJHTEJ News
"सच के साथ, हर खबर आपके पास"
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


