मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत सभी सड़क एवं पुल परियोजनाओं का विस्तृत एस्टीमेट तत्काल तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि 15 जुलाई 2026 तक परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की जा सके और 15 अगस्त 2026 तक निर्माण कार्यों के लिए धनराशि अवमुक्त कर दी जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि मीरजापुर नगर की प्रमुख सड़कों के साथ-साथ माँ विंध्यवासिनी देवी मंदिर, अष्टभुजा मंदिर और कालीखोह मंदिर को जोड़ने वाले सभी मार्गों का विकास स्मार्ट रोड की तर्ज पर किया जाए। उन्होंने कहा कि इन मार्गों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ सभी परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में बेहतर सड़क संपर्क, सुगम यातायात और धार्मिक पर्यटन को नई गति देना है।


