लोनी में पुलिस का बड़ा प्रहार: ओमकार हत्याकांड का 50 हजार का इनामी गौरव मुठभेड़ में गिरफ्तार, कई राज खुलने की उम्मीद
6/06/2026
0
लोनी। लोनी क्षेत्र के बहुचर्चित और सनसनीखेज ओमकार अपहरण एवं हत्याकांड में गाजियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कई दिनों से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी गौरव को थाना लोनी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और बदमाश के बीच हुई इस मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ओमकार हत्याकांड के बाद से ही गौरव लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई थीं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी, लेकिन वह लगातार अपना ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था।
बताया गया कि थाना लोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हत्याकांड में वांछित गौरव निठौरा रोड के रास्ते किसी काम से आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल रणनीति तैयार की और निठौरा अंडरपास के पास चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। देर शाम एक संदिग्ध युवक स्पोर्ट्स बाइक पर आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह घबरा गया और तेज रफ्तार से भागने लगा।
इसके बाद पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर आरोपी की बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को घिरा हुआ देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान चली गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौरव के रूप में हुई, जो ओमकार हत्याकांड में वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त जिक्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गनौली निवासी ओमकार के अपहरण की साजिश रची थी। अपहरण के बाद ओमकार की हत्या कर दी गई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को मेरठ के गंगनहर में फेंक दिया गया था। इस जघन्य वारदात के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किए थे।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि गौरव की गिरफ्तारी से इस हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण राज खुल सकते हैं। उससे पूछताछ कर हत्या के पीछे की असली वजह, साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और घटना की पूरी प्लानिंग के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर जल्द ही मामले में फरार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। ओमकार हत्याकांड में हुई यह गिरफ्तारी न केवल पुलिस की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


