ऑपरेशन प्रहार में लोनी बॉर्डर पुलिस की बड़ी सफलता, 1.86 किलो गांजा व 22 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
6/02/2026
0
ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई: गांजा और स्मैक की तस्करी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना लोनी बॉर्डर पुलिस को मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा, स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को थाना लोनी बॉर्डर पुलिस टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1 किलो 860 ग्राम अवैध गांजा, 30 पुड़िया स्मैक (कुल 22 ग्राम) तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरशद पुत्र साजिद और आसिफ पुत्र आरिफ के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में लोनी बॉर्डर क्षेत्र के लक्ष्मी गार्डन में रह रहे थे। बरामदगी के आधार पर थाना लोनी बॉर्डर में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली निवासी फरीद नामक व्यक्ति से चोरी-छिपे गांजा और स्मैक खरीदकर लाते थे। इसके बाद मोटरसाइकिल से विभिन्न क्षेत्रों में घूमकर नशे के आदी लोगों को छोटी-छोटी पुड़ियों में मादक पदार्थ बेचते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से वे लंबे समय से इस अवैध कारोबार में संलिप्त थे।
पुलिस के अनुसार, मामले में फरीद निवासी दिल्ली की भूमिका भी सामने आई है, जिसकी तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


