लोनी में हत्या के प्रयास और अपहरण कांड का खुलासा, तीन साजिशकर्ता गिरफ्तार; पांच फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम
6/02/2026
0
गाजियाबाद कमिश्नरेट की थाना लोनी पुलिस ने हत्या के प्रयास, अपहरण और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है, जिन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 30 मई 2026 को ग्राम गनौली निवासी सुरेन्द्र पुत्र राममहर ने थाना लोनी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गौरव, सौरभ उर्फ भोला, गोपाल, गौरव (निवासी बादलपुर, गौतमबुद्धनगर), मोहित तथा अन्य साथियों ने उसे गोली मारने के बाद जबरन वाहन में डालकर अपहरण कर लिया। शिकायत के आधार पर थाना लोनी में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा संख्या 152/2026 दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान सामने आया कि घटना को अंजाम देने के लिए एक सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र रचा गया था, जिसमें विजेन्द्र, आजाद और अजब सिंह की भी भूमिका पाई गई। इसके बाद मुकदमे में आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर जांच आगे बढ़ाई गई।
इसी क्रम में 1 जून 2026 को थाना लोनी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियोग में वांछित तीन आरोपियों—विजेन्द्र पुत्र बुद्धाराम, आजाद पुत्र बुद्धाराम तथा अजब सिंह पुत्र लखमीचंद, सभी निवासी ग्राम गनौली, थाना लोनी—को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उनकी पीड़ित पक्ष से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश का बदला लेने के उद्देश्य से उन्होंने अन्य साथियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा और घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार चल रहे गौरव पुत्र विजेन्द्र, सौरभ उर्फ भोला पुत्र विजेन्द्र, गोपाल पुत्र रमेश, गौरव निवासी बादलपुर (गौतमबुद्धनगर) तथा मोहित पुत्र मुकुट पंडित की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन सभी आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


