गाजियाबाद। थाना अंकुर विहार पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में लंबे समय से वांछित चल रही अभियुक्ता पुष्पा को गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्ता को थाना क्षेत्र से हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2025 को पीड़िता की मां ने थाना अंकुर विहार में शिकायत दर्ज कराई थी कि अंकुर और अजय उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले गए तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। मेडिकल रिपोर्ट और पीड़िता के बयान के आधार पर मामले में बीएनएस की गंभीर धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 5(N)/6 भी जोड़ी गई। विवेचना में साक्ष्यों के आधार पर पुष्पा का नाम भी सामने आया।
इस मामले में पहले ही 1 नवंबर 2025 को अभियुक्त अजय तथा 10 जुलाई 2026 को अभियुक्त अंकुर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब पुलिस ने तीसरी वांछित अभियुक्ता पुष्पा को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ में क्या सामने आया
पुलिस पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह मुख्य आरोपी अंकुर की पत्नी है और अजय उसका देवर है। उसके अनुसार, अजय और पीड़िता पहले से एक-दूसरे से बातचीत करते थे। 23 अक्टूबर 2025 को उसने पीड़िता को बहाने से गाजियाबाद बुलाया, जिसके बाद अंकुर और अजय उसे अपने साथ पानीपत ले गए। अभियुक्ता ने बताया कि वे पीड़िता की शादी अजय से कराना चाहते थे।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्ता पुष्पा निवासी ग्राम गौरीपुर निवाड़ा, थाना कोतवाली, जनपद बागपत के विरुद्ध इसी मामले में एक मुकदमा दर्ज है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
KJHTEJ News
"सच के साथ, हर खबर आपके पास"


