लोनी में दशकों बाद खुलेगा बेहटा बंद फाटक, अंडरपास निर्माण का शुभारंभ
2/23/2026
0
लोनी के इतिहास में सोमवार का दिन स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया, जब 40–50 वर्षों से बंद पड़े बेहटा फाटक पर अंडरपास निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, बागपत विधायक योगेश धामा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह हजारों नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम में शामिल हुए।
करीब 4 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाला यह अंडरपास दशकों पुरानी समस्या का समाधान करेगा। विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने इस ऐतिहासिक कार्य के लिए पूर्व रेल मंत्री पीयूष गोयल तथा वर्तमान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।
जनसैलाब, फूलों की बारिश और भव्य स्वागत
कार्यक्रम के दौरान जनता ने विधायक का जेसीबी से फूल बरसाकर, आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। आरडब्ल्यूए, सभासदों, ग्राम प्रधानों और विभिन्न संगठनों ने लड्डुओं से तौलकर विधायक का अभिनंदन किया। लंबे समय तक आंदोलन करने वाले स्थानीय प्रतिनिधियों जगदीश गुप्ता और टेकचंद मावी ने कहा कि “आज 50 वर्ष पुराने संघर्ष का अंत हुआ है। अंडरपास बनने से दो हिस्सों में बंटी लोनी अब एक होगी।”
दर्जनों कॉलोनियों को मिलेगा लाभ, दिल्ली-गाजियाबाद के लिए बनेगा बायपास
अंडरपास बनने से कृष्णा विहार, शिव वाटिका, टीला गांव, अमित विहार, राधापुरी, राम विहार, अनूप विहार, अमर विहार, पंचवटी, हनुमान वाटिका, खुशी वाटिका, तिलकराम कॉलोनी, राहुल गार्डन सहित दर्जनों कॉलोनियों के लाखों निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा।
अब यह मार्ग दिल्ली और गाजियाबाद के बीच वैकल्पिक बायपास के रूप में कार्य करेगा। फाटक बंद रहने से होने वाली दुर्घटनाओं पर भी विराम लगेगा।
“लोनी को बनाएंगे आदर्श विधानसभा” – विधायक नंदकिशोर गुर्जर
अपने संबोधन में विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि यह केवल अंडरपास नहीं, बल्कि लोनी के सर्वांगीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि जल बोर्ड की पाइपलाइन, विद्युत लाइनों और अन्य तकनीकी अड़चनों को दूर कर इंजीनियरों की टीम ने परियोजना को अंतिम रूप दिया।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सीवर, बिजली और कानून-व्यवस्था में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि कन्या डिग्री कॉलेज, मॉडल इंटर कॉलेज, आईटीआई, आधुनिक आंगनवाड़ी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, वेलनेस सेंटर और अस्पतालों के विस्तार जैसे कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले 2–3 महीनों में लोनी का स्वरूप पूरी तरह बदला हुआ नजर आएगा।
योगेश धामा और चैनपाल सिंह ने भी की सराहना
विधायक योगेश धामा ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि “आज लोनी विकास के पथ पर अग्रसर है और माफिया-गुंडाराज से मुक्त हो रही है।”
जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह ने लोनी में सफाई व्यवस्था और जलभराव की समस्याओं पर सख्त कार्रवाई की बात कही तथा मुख्यमंत्री से मिलकर कठोर कदम उठाने का आश्वासन दिया।
अमित विहार में अत्याधुनिक श्मशान घाट का शुभारंभ
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने अमित विहार के बंद फाटक क्षेत्र में 1 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक श्मशान घाट के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष, सभासदगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
दशकों की प्रतीक्षा के बाद शुरू हुआ यह अंडरपास निर्माण कार्य लोनी के विकास की नई इबारत लिखने जा रहा है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


