गाजियाबाद। कमिश्नरेट गाजियाबाद के थाना टीलामोड़ पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को थाना टीलामोड़ पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान डिफेंस कॉलोनी कट के पास दो युवकों को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुऐव (22 वर्ष) निवासी गरिमा गार्डन, पसौड़ा तथा नाजिम (27 वर्ष) निवासी लक्ष्मण गार्डन, पसौड़ा, थाना टीलामोड़, गाजियाबाद के रूप में हुई।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न थाना क्षेत्रों में घूम-घूमकर पहले वाहनों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद राह चलते लोगों को कम कीमत का लालच देकर वाहन बेच देते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद होंडा एक्टिवा स्कूटी उन्होंने शालीमार गार्डन क्षेत्र से चोरी की थी और उसे बेचने जा रहे थे, लेकिन पुलिस चेकिंग के दौरान पकड़ लिए गए।
आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सुऐव के खिलाफ इस मामले से संबंधित एक मुकदमा दर्ज है तथा उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। वहीं नाजिम के खिलाफ कमिश्नरेट गाजियाबाद में चोरी और चोरी का माल बरामद होने से संबंधित पांच आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
थाना टीलामोड़ पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) एवं 317(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी में शामिल अन्य संभावित साथियों और गिरोह के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।


