साइबर सेल थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस द्वारा साइबर फ्रॉड में ठगी गई 1,17,400 रुपये की धनराशि वापस कराई गई
4/24/2026
0
साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही करते हुए साइबर सेल थाना ट्रोनिका सिटी, कमिश्नरेट गाजियाबाद की टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। साइबर ठगी का शिकार हुई एक आवेदिका की कुल 1,17,400 रुपये की धनराशि सफल प्रयासों के बाद वापस कराई गई।
दिनांक 24.04.2026 को साइबर सेल थाना ट्रोनिका सिटी की टीम द्वारा आवेदिका को उसकी ठगी गई पूरी धनराशि वापस दिलाई गई। यह कार्रवाई NCRP (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई।
प्राप्त शिकायत के अनुसार आवेदिका के साथ ऑनलाइन साइबर फ्रॉड कर कुल 1,17,400 रुपये की ठगी की गई थी। शिकायत प्राप्त होते ही साइबर सेल थाना ट्रोनिका सिटी की टीम ने बिना विलंब किए त्वरित कार्रवाई प्रारंभ की। संबंधित बैंक खातों एवं माध्यमों पर धनराशि को तत्काल होल्ड कराया गया तथा संबंधित संस्थानों से लगातार पत्राचार एवं समन्वय स्थापित किया गया।
पुलिस टीम के अथक प्रयास, तकनीकी जांच एवं प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप आज दिनांक 24 अप्रैल 2026 को आवेदिका की पूरी 1,17,400 रुपये की धनराशि सुरक्षित रूप से वापस कराई गई।
धनराशि वापस मिलने पर आवेदिका ने थाना ट्रोनिका सिटी पहुंचकर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया तथा कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की सराहना की।
गाजियाबाद पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक, OTP साझा करने या संदिग्ध लेन-देन की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


