फर्जी पते पर पासपोर्ट बनाने वाला गिरोह बेनकाब। पासपोर्ट कार्यालय का कर्मचारी गिरफ्तार।
2/11/2026
0
गाज़ियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की स्वाट टीम और क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी पते पर पासपोर्ट बनाने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
क्या है पूरा मामला?
थाना लोनीपुर (गाज़ियाबाद) में दर्ज मुकदमा संख्या 23/26, धारा 61(2)/318(4)/338/336(3)/340(2) BNS व 66 IT Act के तहत दर्ज मामले में पुलिस को लंबे समय से आरोपी की तलाश थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुष्पेन्द्र कुमार सिंह (उम्र करीब 42 वर्ष) पुत्र आनंद कुमार, निवासी 363/ न्यू गोविंदपुरी, कंकरखेड़ा, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
पासपोर्ट कार्यालय का कर्मचारी निकला आरोपी
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी पुष्पेन्द्र कुमार सिंह वर्ष 2016 से दिल्ली स्थित पासपोर्ट कार्यालय (मीकाॅली काला पैलेस) में LDC (लोअर डिवीजन क्लर्क) के पद पर कार्यरत था।
पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसकी मुलाकात इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार होकर जेल जा चुके आरोपी विवेक गांधी से हुई थी। विवेक गांधी ने उसे फर्जी तरीके से फर्जी पते पर पासपोर्ट बनवाकर पैसा कमाने का तरीका बताया।
इसके बाद आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर कई लोगों के पासपोर्ट फर्जी पते पर बनवाए। इस काम के बदले उसे हर फाइल पर लगभग ₹1000 रुपये दिए जाते थे।
पुलिस की कार्रवाई
अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) के नेतृत्व और सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) के पर्यवेक्षण में स्वाट टीम व क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई थाना लोनीपुर से की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
यह मामला दर्शाता है कि सरकारी तंत्र में बैठे कुछ लोग लालच में आकर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े दस्तावेजों में भी फर्जीवाड़ा करने से नहीं चूकते। गाज़ियाबाद पुलिस की इस कार्रवाई से पासपोर्ट फर्जीवाड़ा गिरोह को बड़ा झटका लगा है।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें


